रायगढ़, 3 फरवरी 2026। राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने वाले कर्मठ सरकारी सेवकों के उत्साहवर्धन के लिए शुरू अभिनव पहल के तहत कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सोमवार को उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के करीब एक दर्जन कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान दिया गया।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की किसी भी योजना की सफलता का आधार विभागीय कर्मचारी ही होते हैं। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अथक परिश्रम से ही अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचता है। उन्होंने जोर दिया कि राज्य शासन कर्मचारियों का मनोबल ऊंचा रखने और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में उत्कृष्ट कर्मचारियों को समय-समय पर सम्मानित करने की यह पहल शुरू की गई है।
प्रत्येक माह की 1 तारीख को विभागों में सम्मान कार्यक्रम
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों की पहचान करें। उन्होंने कहा कि हर माह की 1 तारीख को संबंधित विभागों में इन्हें सम्मानित किया जाए, ताकि कर्मचारियों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा, नई ऊर्जा और समर्पण की भावना विकसित हो।1 फरवरी से राज्यव्यापी नवाचारउल्लेखनीय है कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, गति और गुणवत्ता लाने के उद्देश्य से राज्य शासन ने 1 फरवरी 2026 से यह विशेष नवाचार शुरू किया है। इसके तहत महत्वपूर्ण योजनाओं में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जा रहा है।



