रायगढ़, 3 फरवरी 2026। छाल थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेल का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। थाना छाल में बीएनएस की धारा 64(2)(म) के तहत अपराध क्रमांक 11/2026 दर्ज किया गया है।
पीड़िता ने बताया कि वह स्वास्थ्य कारणों से जनवरी 2025 से मायके में रह रही थी। अप्रैल में कच्चे मकान की मरम्मत के लिए छाल के चन्द्रभान यादव से मिट्टी गिरवाई, तभी आरोपी का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया। 6 अप्रैल को आरोपी उसके घर आया और बातचीत में उलझाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसमें नशीला पदार्थ मिला था। बेहोशी का फायदा उठाकर आरोपी ने दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो-वीडियो बनाए। इसके बाद वायरल करने की धमकी देकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। 2 फरवरी को पीड़िता ने थाना छाल में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने तुरंत मामला दर्ज कराया। महिला उपनिरीक्षक दीपिका निर्मलकर और महिला थाना टीम ने पीड़िता का कथन दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी चन्द्रभान यादव (पिता: दुर्ग विजय यादव, ग्राम: शाहपुर, पोस्ट: अजीजाबाद, थाना: जहानागंज, जिला: आजमगढ़, उत्तर प्रदेश; हाल मुकाम: आईएससी साइडिंग नदी किनारे हाटी पेट्रोल पंप के पास, छाल क्षेत्र) को गिरफ्तार किया। आरोपी की मेडिकल जांच पूरी कर उसे कोर्ट में पेश किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशानिर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, शंकर क्षत्रिय और आरक्षक भगवती लक्ष्मे की भूमिका सराहनीय रही।


