Skip to content

नाबालिग छेड़छाड़ का फरार आरोपी धर दबोचा.. एक माह से पुलिस को चकमा दे रहा था..

रायगढ़, 2 फरवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में महिलाओं व नाबालिगों के खिलाफ अपराधों पर त्वरित कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में थाना पुसौर पुलिस ने नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ करने वाले फरार आरोपी को दबोच लिया। आरोपी करीब एक माह से गिरफ्तारी के डर से छिपा हुआ था।

घटना 27 दिसंबर 2025 की है। पीड़िता अपनी सहेली के साथ स्कूटी पर बाजार जा रही थी, तभी आरोपी मनोज खड़िया ने उनका पीछा किया। उसने मोबाइल नंबर मांगा, मना करने पर बालिका का बायां हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। विरोध पर आरोपी फरार हो गया। इससे पहले भी वह स्कूल जाते समय अश्लील इशारे करता था, जिसे पीड़िता अनदेखा करती रही।

28 दिसंबर को पीड़िता ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर अपराध क्रमांक 351/2025 धारा 75(2), 78(1) भारतीय न्याय संहिता व धारा 12 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ। थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने मुखबिरों को सक्रिय कर आरोपी की तलाश तेज कर दी।

सोमवार को आरोपी के गांव में होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापा मारा। मनोज कुमार खड़िया (20 वर्ष), पिता स्वर्गीय उत्तम खड़िया, निवासी पुसौर को हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों के खिलाफ ऐसे अपराधों में सख्ती बरती जाएगी।