Skip to content

रायगढ़ पुलिस ने होटल मालिक को पकड़ा.. जाने क्या है मामला..

रायगढ़, 1 फरवरी 2026।   छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने हाईवे पर खड़े वाहनों से चुराए गए डीजल की खरीद-बिक्री करने वाले एक लाइन होटल संचालक को गिरफ्तार कर लिया। भालुमार ग्राम स्थित पात्रो होटल पर छापेमारी में 150 लीटर डीजल (मूल्य करीब 15,000 रुपये) जब्त किया गया। आरोपी वेणुधर पात्रो (55) के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3, 7 और बीएनएस की धारा 287 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने होटल में भारी मात्रा में चोरी का डीजल स्टोर कर बेच रहा है। त्वरित कार्रवाई में टीम ने होटल पर दबिश दी, जहां 15-15 लीटर क्षमता के टीपों में भरा डीजल बरामद हुआ। आरोपी कोई वैध लाइसेंस या अग्निशामक यंत्र नहीं दिखा सका। धारा 94 बीएनएसएस के तहत पूछताछ में अवैध भंडारण की पुष्टि हुई, जो मानव जीवन के लिए खतरा पैदा कर रहा था।

गवाहों के सामने जप्ती कर डीजल जब्त किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर विवेचना में लिया गया। कार्रवाई में एएसआई राम संजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक खगेश्वर नेताम, प्रदीप तिग्गा और महिला आरक्षक आशा मिंज ने सहयोग किया।

रायगढ़ पुलिस ने चेतावनी दी है कि जिले में चोरी डीजल के अवैध कारोबार पर सख्ती बरती जाएगी। हाईवे पर वाहनों से चोरी रोकने के लिए थाना-चौकी स्तर पर निगरानी तेज कर दी गई है।