Skip to content

अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई.. 4.90 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त.. 17 आरोपी गिरफ्तार..


जिलेभर में 24 ठिकानों पर तड़के छापे, 14 वाहन और 120 टन से अधिक अवैध कबाड़ बरामद

रायगढ़। रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की संपत्ति जब्त की है। पुलिस अधीक्षक  दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के नेतृत्व में जिलेभर में एक साथ छापेमार कार्रवाई की गई। इस दौरान 24 अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और करीब 4 करोड़ 90 लाख 54 हजार रुपये मूल्य का अवैध कबाड़ जब्त किया गया।

योजनाबद्ध तरीके से तड़के सुबह मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर शहर व अनुविभागीय पुलिस टीमों ने यह कार्रवाई की। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लाखा में तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो 10 चक्का ट्रक, दो माजदा, एक बोलेरो वाहन में लोड कबाड़ जब्त किया गया। इसके साथ ही ग्राम चिराईपानी रोड किनारे सिकंदर कबाड़ी के गोदाम से 46 टन अवैध कबाड़, जिसकी कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है, बरामद किया गया। मौके से हाईवा व ट्रकों में लदे वाहन पार्ट्स, लोहे के पाइप, सरिया, एंगल, खाली सिलेंडर और हाइड्रोलिक मशीनें भी जब्त की गईं।

पूंजीपथरा क्षेत्र में पुलिस टीम ने 6 अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 3 ट्रक सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से लगभग 67 टन अवैध कबाड़ बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 34 लाख रुपये बताई गई है। यहां आरोपियों के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

वहीं पुसौर क्षेत्र में 3 स्थानों पर दबिश देकर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे टाटा 710 वाहन सहित 4 टन से अधिक कबाड़ जब्त किया गया। इसी तरह चक्रधरनगर और भूपदेवपुर क्षेत्र में 3-3 स्थानों, कोतरारोड़ और खरसिया में 2-2 स्थानों, जबकि धरमजयगढ़ और तमनार में एक-एक स्थान पर कार्रवाई की गई।

पूरे जिले में हुई इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 14 वाहन—हाईवा, ट्रक, टाटा 710, माजदा और छोटा हाथी पिकअप—जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 120 टन 331 किलो अवैध कबाड़ बरामद किया है। इसके अतिरिक्त अन्य थानों में भी कार्रवाई जारी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया है और अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त व निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।