रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में एनआरवीएस स्टील प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट से एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने जांच में सुरक्षा उपकरण न उपलब्ध कराने के आरोप में सुपरवाइजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के उचा ग्राम निवासी 41 वर्षीय रामनयन यादव तराईमाल स्थित प्लांट में क्रेन ऑपरेटर थे। 24 अक्टूबर 2025 को फर्नेस में लोहा गलाने के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। गर्म भाप से झुलसने पर उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां से रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मजदूर की मौत पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पूछताछ में पता चला कि सुपरवाइजर राहुल पंडित ने रामनयन को बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कराया था। इसके आधार पर पूंजीपथरा पुलिस ने राहुल पंडित के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) और 289 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच जारी है।



